सहतवार क्षेत्र के बिनहा(तिलक तिवारी के हाता) में कोरोना संक्रमित युवक को ले जाती एंबुलेंस।
- फोटो : BALLIA
बलिया। जिले में बृहस्पतिवार की देर शाम एक सराफा व्यापारी के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद संक्रमित मरीजों की संख्या 149 हो गई है। जिले में अब तक कुल 148 पॉजिटिव केस थे। इसमें से 99 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं। उन्हें होम क्वारंटीन रहने की सलाह दी गई है।
इसकी पुष्टि करते हुए जिलाधिकारी श्रीहरि प्रताप शाही ने बताया कि बृहस्पतिवार की देर शाम आई जांच रिपोर्ट में मुरली छपरा ब्लाक के लालगंज बाजार का एक सराफा व्यापारी पॉजिटिव मिला है। व्यापारी की तबीयत एक सप्ताह से खराब चल रही थी। इनके सगे भाई जो पेशे से चर्मरोग विशेषज्ञ डॉक्टर है, उनके माध्यम से जिला अस्पताल के डॉक्टर को दिखाया गया। जिन्होंने कोरोना का लक्षण देखते हुए कोरोना की जांच कराने की सलाह दी। व्यापारी का सैंपल एक जुलाई को जिला अस्पताल में लिया गया जिनकी रिपोर्ट बृहस्पतिवार की देर शाम पॉजिटिव आई। स्वास्थ्य टीम ने शुक्रवार की सुबह इलाज के लिए एंबुलेंस से उन्हें बसंतपुर एल-1 अस्पताल में भर्ती कराया। हॉटस्पॉट क्षेत्रों के लिए मजिस्ट्रेट की तैनाती करते हुए उन इलाकों को सील करने का निर्देश दिया गया है।