लोक निर्माण विभाग ने पूर्व में 115 लोगों को अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी किया था। निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बावजूद कब्जा नहीं हटाने पर विभाग ने बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की, जो तीसरे दिन भी जारी रही।
कार्रवाई के दौरान कई दुकानदार मलबे में दबे अपने सामान को निकालने में जुटे रहे। वहीं, अनेक लोगों ने पहले ही अपनी दुकानों और मकानों से चौकी, गैस सिलेंडर, चूल्हा, शटर, दवाइयां, बर्तन, जंगला, दरवाजे, अलमारी, मेज-कुर्सियां, टायर, खराद मशीन, चाय की केतली तथा खाद्य सामग्री सहित अन्य जरूरी सामान सुरक्षित स्थान पर हटा लिया था।
एसडीएम अशोक कुमार ने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा 115 लोगों को नोटिस जारी किए गए थे। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई विभाग की ओर से की जा रही है, जबकि प्रशासन की जिम्मेदारी कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की है।