एसटीएफ की पूछताछ में यह भी सामने आया कि मनोज यादव पहले भी मारपीट के मामलों में जेल जा चुका है। जेल से रिहा होने के बाद वह तमिलनाडु चला गया था और पुलिस से बचने के लिए चोरी-छिपे बलिया आता-जाता रहता था। पुलिस की लगातार दबिश और गिरफ्तारी के प्रयासों के चलते वह इस बार भी बनारस रेलवे स्टेशन से बाहर प्रदेश भागने की कोशिश में था, लेकिन एसटीएफ ने उसे दबोच लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मनोज यादव का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ बलिया के कोतवाली और सुखपुरा थानों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) तथा एससी/एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कुल 15 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। एसटीएफ ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद संबंधित थाना पुलिस को सौंप दिया है। स्थानीय पुलिस अब उससे पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और आपराधिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाने में लगी है।