बैरिया थाना क्षेत्र के मांझी घाट पुलिस पिकेट के समीप बदमाशों की गोली से घायल आलू व्यापारी बबलु
जयप्रकाश नगर। बहन के प्रेम विवाह से नाराज होकर भाई ने साथियों के साथ शुक्रवार रात ट्रैक्टर चालक को निशाना बनाकर गोली चला दी। लेकिन गोली बगल में बैठे आलू व्यापारी बबलू गुप्ता (32) को लगी।
जांघ में गोली लगने के बाद उन्हें सीएचसी सोनबरसा ले जाया गया। जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। सुबह एक्स-रे जांच में पेट में भी गोली होने की पुष्टि हुई। चिकित्सकों ने बीएचयू ट्राॅमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।
बैरिया कस्बे के लीला छपरा वार्ड संख्या चार निवासी सुशील गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार को भाई बबलू गुप्ता ट्रैक्टर से आलू लेकर बिहार के एकमा गया था। आलू बेचने के बाद वह चालक रितेश यादव के साथ लौट रहा था। आरोप है कि रितेश ने जयराम यादव की बहन से प्रेम विवाह किया है। इसी को लेकर जयराम ने पूर्व में रितेश को जान से मारने की धमकी दी थी।
तहरीर के अनुसार रात करीब 9:30 बजे मांझी पुल चेकपोस्ट के पास जयराम यादव, अरुण यादव, संदीप यादव, रमाशंकर यादव और दयाशंकर यादव दो मोटरसाइकिलों से पहुंचे। ट्रैक्टर को ओवरटेक कर रोकने के बाद गाली-गलौज की। जयराम, रमाशंकर व अरुण ने रितेश को निशाना बनाकर गोली चलाई। गोली रितेश को न लगकर बगल में बैठे बबलू की जांघ में जा लगी। घटना के बाद घायल को सीएचसी सोनबरसा ले जाया गया। वहां से जिला अस्पताल भेजा गया। सुबह एक्स-रे में पेट में भी गोली होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उन्हें बीएचयू ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
सीओ बैरिया आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।