भीमपुरा। नगरा थाना क्षेत्र के खैरा निस्फी नबाबगंज में शनिवार की सुबह भूमि विवाद में दो पक्षों में जमकर ईंट पत्थर चले। इसमें घायल जयनाथ यादव (55) की मौत हो गई। वहीं, दूसरे पक्ष से रानी यादव (17) भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उसको पीएचसी नगरा से जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया। मामले की जांच रही जा रही है।
नगरा क्षेत्र के खैरा निस्फी निवासी जयराम यादव व प्रभुनाथ यादव के बीच लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा है। घटना के दिन जयनाथ यादव की बहू मंजू विवादित जमीन पर कूडा फेंकने के लिए गई थी। दूसरे पक्ष ने अपनी जमीन बताते हुए कूड़ा रखने से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों की महिलाओं के बीच गाली गलौज शुरु हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच ईंट पत्थर चलने लगे। शौच के लिए गए जयनाथ को झगड़े की सूचना मिली तो वह भी तुरंत विवादित स्थल पर पहुंच गए। उनके सिर में ईंट से गंभीर चोट लग गई। जमीन पर गिर पड़े व थोड़ी ही देर में दम तोड़ दिया। दूसरे पक्ष के लोग फरार हो गए। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया। घर की महिलाओं का रो रो कर बुरा हाल है। जयनाथ की पत्नी प्रभावती देवी की बेसुध सी हो गई है। वहीं, घटना को लेकर गांव में तनाव देखते हुए पीएसी तैनात कर दी गई है। मृतक जयनाथ यादव का पुत्र मनोज यादव ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। सीओ रसड़ा एसएन वैश्य ने बताया कि मृतक के पुत्र मनोज कुमार यादव की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। अभी कोई गिरफ्तारी नहीं है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।