फेफना थाना क्षेत्र के सागरपाली मृतक शिवम यादव उर्फ गोलू। फाइल फोटो, परिजन
- फोटो : 1
फेफना। थाना क्षेत्र के सागरपाली स्थित सेमरा घाट पर मंगलवार को टोंस नदी में डूबने से शिवम यादव उर्फ गोलू (15) की मौत हो गई। शव करीब 35 घंटे बाद बुधवार शाम तीन बजे बरामद हुआ। मां रीता देवी सहित परिवार बेसुध है।
शिवम के पिता भरत यादव ने बताया कि मंगलवार सुबह शिवम रोज की तरह गांव के लोगों के साथ नाव से टोंस नदी पार बासथान दियर स्थित खेत में खाना पहुंचाने गया था। वहां खाना देने के बाद वह अपने दोस्तों के साथ सेमरा घाट पर नहाने के लिए रुक गया। इसी दौरान वह नदी में कूद गया, लेकिन तेज धारा की चपेट में आने के बाद बाहर नहीं निकल सका। उसे डूबता देख दोनों दोस्त चिल्लाते हुए घाट की ओर पहुंचे। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग जुट गए और नदी में शिवम के बाहर आने का इंतजार करने लगे। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन मंगलवार को उसका पता नहीं चल सका।
बुधवार को भी नदी में तलाश अभियान जारी रहा। करीब 35 घंटे की मशक्कत के बाद शाम लगभग तीन बजे शिवम का शव बरामद हुआ। मौके पर क्षेत्राधिकारी सदर अक्षय कुमार और तहसील सदर बलिया के अधिकारी मौजूद रहे। शव मिलने के साथ ही परिजनों की बची हुई उम्मीद भी टूट गई।