चितबड़ागांव (बलिया)। थाना क्षेत्र के मानपुर अंडरपास के पास शुक्रवार को रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कस्बे के वार्ड नंबर आठ इंदिरा नगर निवासी किशन राजभर (18) के रूप में हुई। घर से करीब दो किलोमीटर दूर उसका शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, पिता मुरारी राजभर ने बेटे की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पिता ने बताया कि किशन शुक्रवार शाम घर के दरवाजे पर बैठा था। इसके बाद वह मानपुर अंडरपास के पास कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी परिवार के किसी सदस्य को नहीं है। कुछ देर बाद रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिलने की सूचना मिली। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक किशन चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था और कस्बे के एक विद्यालय में कक्षा 11 का छात्र था। बेटे की असामयिक मौत से पिता मुरारी राजभर और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष लालमणि सरोज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
निर्माणाधीन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे पर बाइक की टक्कर से बालक की मौत
बैरिया। थाना क्षेत्र के दया छपरा गांव के सामने निर्माणाधीन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार की शाम तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से छह वर्षीय बालक की मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक सवार चारों युवक वाहन छोड़कर भाग निकले। एसएचओ राजेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि दया छपरा निवासी शिवजी राम का छह वर्षीय पुत्र सिद्धार्थ गांव के सामने निर्माणाधीन एक्सप्रेस-वे पर पैदल जा रहा था। इसी दौरान बलिया की ओर से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सिद्धार्थ गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी मिलते ही परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। बैरिया पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने जिला अस्पताल भेज दिया।