गोंड खरवार जाति के छात्रों को एसटी का प्रमाण पत्र जारी नहीं करने के विरोध में सदर तहसीलदार का पुतला दहन करते टीडी काॅलेज के छात्र।
- फोटो : अमर उजाला
जिले में गोंड और खरवार जाति के छात्रों को एसटी का प्रमाण पत्र जारी करने में जिला प्रशासन के उदासीन रवैए से क्षुब्ध छात्रों ने गुरुवार को टीडी कालेज, कुंवर सिंह और एससी कालेज पर सदर तहसीलदार का पुतला दहन किया तथा जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कहाकि जिला प्रशासन जानबूझकर उदासीनता बरत रहा है। जिससे छात्रों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
धरने को संबोधित करते हुए कुंवर सिंह पीजी कालेज छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष मानवेंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि जिले के गोंड व खरवार जाति को अनुसूचित जनजाति का प्रमाण पत्र जारी होता रहा है। लेकिन सदर तहसीलदार प्रमाण पत्र जारी करने में हिलाहवाली कर रहे है। उप्र पुलिस भर्ती में आवेदन करने की अंतिम तिथि है, लेकिन जिले में अनुसूचित जनजाति के छात्रों को प्रमाण पत्र जारी नहीं हो सका है। प्रमाण पत्र के अभाव में हजारों छात्र आवेदन करने से वंचित रह गए है।
इस मौके पर पूर्व महामंत्री रंजीत कुमार गोंड, पूर्व अध्यक्ष किशन प्रताप सिंह, धनजी यादव, विक्रम प्रताप सिंह, राहुल सिंह, प्रवीण सिंह, मयंक सिंह, विक्की सिंह, विशाल सिंह, अविनाश सिंह आदि मौजूद रहे। टीडी कालेज चौराहे पर पुतला दहन के दौरान पुलिस के साथ पुतला फूंकने को लेकर नोंक-झोक भी हुई। बावजूद इसके छात्रों ने पुतला रहन कर अपना आक्रोश दर्ज कराया। उनका कहना था कि जिला प्रशासन की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।