बेरुआरबारी। सुखपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरवां में सोमवार की रात्रि भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में संघर्ष हो गया। इसमें 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मड़ई फूंकी दी गई, जिसमें रखी मोटरसाइकिल भी जल गई। गांव में तनाव को देखते हुए रात से ही पुलिस बल तैनात हैं।
बरवा गांव निवासी अनंत पांडेय व वशिष्ठ पांडेय के घर में काफी दिनों से जमीन व ब्रम्ह स्थान मंदिर का विवाद चल रहा है। सोमवार की रात कहासुनी के बाद मारपीट हुई। मारपीट के दौरान किसी ने बगल की मड़ई में आग लगा दी। इससे उसमे रखी लालबहादुर पांडेय के दमाद की मोटारसाइकिल व तीन चारपाई सहित अन्य समान जल कर राख हो गया। दोनों तरफ से ईंट-पत्थर व लाठी-डंडे चले। इसमें एक पक्ष से अनन्त पांडेय (70), लालबहादुर पांडेय (48), चैना देवी पत्नी लालबहादुर पांडेय (45), सेना के जवान राहुल पांडेय (23), लालबहादुर पांडेय, राजेश पांडेय (26) का सिर फट गया। वहीं, दूसरे पक्ष के सोनू पांडेय (28), वशिष्ट पांडेय (55), सन्तोष पांडेय (38), छोटकन पांडेय (25), रोशनी पांडेय (13), राजू पांडेय (32), जयप्रकाश पांडेय (60) गम्भीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद से गाव में काफी तनाव व्याप्त हैं। इसको देखते हुए पुलिस बल तैनात है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।