सागरपाली। फेफना थाना क्षेत्र के बैरिया थमहनपुरा सागरपाली मार्ग पर मंगलवार की रात मोटरसाइकिल से घर जा रहे पिता-पुत्र को ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे के कार्य में लगे ट्रेलर ने चपेट में ले लिया। हादसे में पिता की मौके पर मौत हो गई। जबकि पुत्र मामूली रूप से घायल हो गया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने सागरपाली-बैरिया मार्ग पर शव रखकर दो घंटे तक चक्काजाम कर दिया।
सूचना पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक कृपा शंकर और तहसीलदार ने मृतक के परिजन को कार्यदायी संस्था की ओर से 10 लाख रुपये का सहयोग पोस्टमार्टम होने के पहले देने के साथ ही सरकारी 5 लाख रुपये के बीमा का आश्वासन दिया। तब जाकर ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया।
थमहनपुरा गांव मनोज वर्मा (50) बलिया शहर से अपने पुत्र मनीष वर्मा के साथ मंगलवार की रात मोटरसाइकिल से घर जा रहे थे। सागरपाली-बैरिया-थमहनपुरा मार्ग के बघेजी तिनमुहानी के पास ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे के कार्य लगे सरिया लदे ट्रेलर ने चपेट में ले लिया। पिता मनोज वर्मा की मौत हो गई। जबकि लड़का मनीष वर्मा मोटरसाइकिल से कूद गया, जिससे वह बच गया। पिता को मृत देख मनीष धाड़े मार कर रोने लगा।
हादसे की खबर लगते ही मौके पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और शव को सड़क पर रख कर चक्काजाम कर दिया।
मृतक के परिजनों को आर्थिक मदद मुहैया कराने की ग्रामीण मांग करने लगे। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने आर्थिक मदद का भरोसा देकर जाम समाप्त कराया। साथ ही यातायात का संचालन कराते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। मौके पर उपेंद्र पांडेय, भैया मुन्ना बहादुर, भैया अदालत सिंह, अमरीश ओझा मोहित, थाना प्रभारी फेफना अजय त्रिपाठी, कोतवाली, थाना नरही, सीओ सीटी सीओ सदर आदि मौजूद रहे।
मनोज की पत्नी को दिया गया चेक : मंगलवार की रात मनोज वर्मा की मौत के बाद बुधवार को कार्यदायी संस्थान के डायरेक्टर नवीन राय ने उनकी पत्नी नीलम वर्मा को 10 लाख रुपये का चेक दिया।