बेल्थरारोड (बलिया)। सिकंदरपुर मार्ग पर हल्दीरामपुर के पास सोमवार की शाम ट्रक की चपेट में आने से युवक-युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया, वहीं गंभीर रूप से घायल युवती को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। युवक हेलमेट नहीं लगाए था। यदि वह हेलमेट लगाए रहता तो उसकी जान बच सकती थी।
सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के रायपुर कटराई ग्राम निवासी प्रवीण कुमार वर्मा (26) अपनी बुआ की पुत्री नेहा (21) निवासी छाता को बाइक पर बैठाकर किसी विद्यालय में प्रवेश कराने के कार्य से बेलौली (मऊ) से वापस घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सिकंदरपुर मार्ग पर हल्दीरामपुर के पास सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गया। ट्रक की टक्कर से बाइक असंतुलित होकर सड़क के किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे में बाइक सवार युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने प्रवीण को मृत घोषित कर दिया जबकि गंभीर रूप से जख्मी युवती को गंभीर स्थिति के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रवीण मां-बाप का इकलौता पुत्र था।