बलिया। बैरिया व छपरा में 800 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब पकड़ी गई थी। छपरा पुलिस ने शराब तस्करी के मामले में पिकअप के चालक, अनुज्ञापी, शराब गोदाम के मालिक सहित 11 पर मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, बैरिया पुलिस ने पिकअप चालक सहित दो पर केस दर्ज किया है।
शहर में स्थित शराब गोदाम से सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित शराब की एक दुकान के लिए निकली शराब 50 किमी दूर मांझी पुल तक पहुंच गई थी। मामले में पुलिस ने अभी तक अनुज्ञापी पर कार्रवाई नहीं की है। मोबाइल से स्कैन होने वाला बार कोड की रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। जबकि बिहार की मांझी थाना पुलिस ने बलिया के होलसेलर समेत 11 पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। बिहार के मांझी थाना के अपर थानाध्यक्ष अमित कुमार राम ने दी तहरीर में आरोप लगाया है कि 20 मार्च को रात नौ बजे के करीब पुलिस टीम ने छपरा के साथ मझनपुरा ढाला पर वाहन चेकिंग की थी। इस दौरान एक पिकअप वाहन को रोक गया तो चालक ने कूदकर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया।
उसने अपना नाम कृष्णा कुमार निवासी छोटकी सेरिया थाना बांसडीह बलिया बताया। पिकअप की तलाशी के दौरान 375 कार्टून में अंग्रेजी शराब मिली। पूछताछ में पिकअप चालक ने बताया गया कि यह शराब सत्य प्रकाश यादव निवासी नामालूम ग्राम गोबराही थाना दाउदपुर, भीम सिंह निवासी लाकड़ छपरा थाना रसूलपुर, अमरजीत सिंह, गौतम सिंह निवासी सिताब दियारा, सुनील गुप्ता निवासी मोहम्मदाबाद, गाजीपुर व सोमित अग्रवाल निवासी यूसुफपुर जिला गाजीपुर व अन्य चार लोग सरयू नदी के रास्ते नाव से शराब लाए थे। मांझी थानाध्यक्ष श्रीकुमार ने बताया कि बिहार में शराब बंदी के संबंधित धारा में चालक, अनुपापी, गोदाम संचालक सहित 11 पर केस दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। 800 पेटी में से 425 पेटी शराब बलिया की बैरिया पुलिस ने पकड़ी थी। संवाद