बलिया। खपड़िया बाबा आश्रम के स्वामी हरिहरानंद महाराज ने कोरोना से मुक्ति के लिए श्रद्धालुओं से कोरोना शाश्वताखंड श्री भगवन्नाम संकीर्तन करने की अपील की है। शनिवार शहर के आवास-विकास कालोनी स्थित हनुमान मंदिर में आए स्वामी हरिहरानंद महाराज ने कहा कि कोरोना ने पूरे विश्व में तबाही मचा रखा है।
कहा क िखपड़िया बाबा परिवार की ओर से 70 स्थानों पर चल रहे श्री भगवन्नाम संकीर्तन पर भी प्रभाव पड़ा है। भगवान का नाम मंगलकारी होता है। कोरोना शाश्वताखण्ड श्री भगवन्नाम संकीर्तन कलियुग में विशेष कारगर सिद्ध होगा। कहा कि गांव के 18 लोग तैयार हो जाएं और आपस में एक-एक घंटे की ड्यूटी निर्धारित कर लें तो कोरोना शाश्वताखण्ड श्री भगवन्नाम संकीर्तन प्रत्येक दिन 18 घंटे तक आसानी से किया जा सकता है। यह प्रतिदिन प्रात: चार बजे से रात्रि के दस बजे तक चलेगा। संकीर्तन में प्रत्येक एक घंटे में शुरू में हनुमान चालीसा व अंत में भी हनुमान चालीसा का पाठ करना है। घर में संकीर्तन करने से इसका शुभ संस्कार बच्चों पर भी सकारात्मक प्रभाव डालेगा। कहा कि संकीर्तन के दौरान प्रत्येक व्यक्ति कम से कम दो गज की दूरी पर बैठेगा। क्योंकि शासन के नियमों का पालन करने से व्यक्ति श्रेष्ठ साबित होता है। इस अवसर पर स्वामी वीरेन्द्र जी, अरविंद सिंह, सुनील तिवारी, मैनेजर यादव, ईश्वर दयाल मिश्र आदि थे।