नगर के बालेश्वर घाट रोड स्थित एक शापिंग कांपलेक्स के बाहर बाइक को किया गया पार्किंग।
- फोटो : BALLIA
बलिया। आम आदमी के घरों के स्वीकृत नक्शे के अनुरूप निर्माण में थोड़ी सी तब्दीली होने पर तत्काल एक्शन में आने वाले विनियमित क्षेत्र के अधिकारी-कर्मचारी पार्किंग की सुविधा न रखने वाले बैंक व शॉपिंग कांप्लेक्स संचालकों के आगे बेबस हैं। वहां उन्हें न तो नियमों का उल्लंघन नजर आता न ही सड़क की पटरियों पर अतिक्रमण। नतीजन शहर में आए दिन जाम लग रहा है।
नगर विकास विभाग भी मानता है कि बैंकों और ज्यादातर शॉपिंग कांप्लेक्स के पास पार्किंग की सुविधा नहीं है। इनके बेसमेंट में वाहनों की पार्किंग होनी चाहिए, लेकिन वहां दुकानें संचालित हो रही हैं, फिर भी विभाग नोटिस भेजने की भी जहमत नहीं उठाता है। शहर के विभिन्न जगहों पर करीब दर्जन भर बैंक हैं। इनमें किसी के पास पार्किंग नहीं है। ग्राहक सड़कों पर वाहन खड़ा कर बैंक में काम निपटाने जाते हैं। इससे सड़कों पर लंबा जाम लग जाता है। यही नहीं, ज्यादातर शॉपिंग कांप्लेक्स में भी पार्किंग नहीं है। प्रतिदिन इनके आगे सैकड़ों वाहन खड़े होते हैं। इससे भी जाम लगता है। इसके बावजूद मास्टर प्लान तैयार करने वालों की तरफ से विनियमित क्षेत्र में शॉपिंग कांप्लेक्स को कानूनी मान्यता देते हुए नक्शा पास कर दिया गया है। नक्शे में जितना एरिया शॉपिंग मॉल व कांप्लेक्स के लिए दिया जाता है, उतना ही एरिया पार्किंग के लिए भी दर्शाया जाता है। जबकि धरातल पर तस्वीर कुछ और ही बयां कर रही हैं। कई ऐसे शॉपिंग कांप्लेक्स हैं, जिनके बाहर चार पाहिया वाहन तक खड़ा करने के लिए जगह नहीं है।
शहर के सबसे व्यस्त क्षेत्रों में शहीद पार्क चौक, सिनेमारोड, आर्यसमाज रोड,कासिमबाजार का आलम यह है कि यहां वाहनों की पार्किंग सड़क पर ही होती है।
जिन बैंकों और शॉपिंग मॉल के पास पार्किंग की सुविधा नहीं उनके संचालकों को नोटिस दिया जा रहा है। जिन्होंने नक्शे नहीं पास कराया है या नक्शा पास कराने के बावजूद मानकों की अनदेखी की है, उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
- दिनेश कुमार विश्वकर्मा, ईओ नगर पालिका परिषद, बलिया।