बलिया। पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने समेत विभिन्न मांगों के समर्थन में शुक्रवार को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ एसोसिएशन (एसबीआईएसए) के आह्वान पर बैंक कर्मियों ने एक दिवसीय हड़ताल कर प्रदर्शन किया। इससे 200 करोड़ का लेन-देन प्रभावित रहा।
एसबीआई की मुख्य शाखा परिसर में हुए प्रदर्शन में जिले की विभिन्न शाखाओं में तैनात भारतीय स्टेट बैंक के कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने से बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहीं।
प्रदर्शन का नेतृत्व एसबीआईएसए के क्षेत्रीय सचिव ब्रजेश द्विवेदी ने किया। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। सभा को संबोधित करते हुए ब्रजेश द्विवेदी ने कहा कि बैंक कर्मियों पर लगातार कार्यभार बढ़ रहा है, जबकि कर्मचारियों की संख्या अपेक्षा के अनुरूप नहीं है।
ऐसे में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बैंक कर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण देने के साथ उनकी जायज मांगों पर भी गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। कर्मचारियों ने कहा कि बैंकिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध कराने और कार्यभार कम करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने एकजुटता दिखाते हुए अपनी मांगों को लेकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में संतोष मिश्र, अमित यादव, संदीप सिंह, अनिश सिंह, रविंद्र कुमार, अभिषेक, ध्रुवजी आदि बैंक कर्मचारी मौजूद रहे।
एलडीएम सुशील कुमार ने बताया कि आम जन जीवन में विशेष असर नहीं पड़ा। बंदी के कारण ण लगभग 200 करोड़ का लेन-देन प्रभावित हुआ। आनलाइन भुगतान के कारण लोगों के दिनचर्या में किसी तरह की दिक्कत नहीं आई। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्र के एटीएम में एक दिन पहले ही पैसा भरवा दिया गया था, जिससे लोगों को काफी सुविधा रही।