विकास भवन सभागार में उद्यमी लॉन्चपैड के तहत सीएम युवा क्षमता संवर्धन कार्यशाला को संबोधित करते
बलिया। युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को विकास भवन सभागार में उद्यमी लॉन्चपैड के तहत सीएम युवा क्षमता संवर्धन कार्यशाला आयोजित हुई।
मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में 300 से अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम दो पालियों में हुआ। पहली पाली में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा), मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) और एक जनपद एक व्यंजन (ओडीओसी) योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों और विशेषज्ञों ने युवाओं को पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई। युवाओं से अपना उद्यम स्थापित कर रोजगार के अवसर पैदा करने का आह्वान किया गया।
दूसरी पाली में बैंक अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं और उनके समाधान की जानकारी दी गई। सीएम युवा पोर्टल के संचालन की जानकारी भी दी गई। सीडीओ आलोक कुमार ने कहा कि सरकारी योजनाओं के माध्यम से ऋण लेकर युवा सफल उद्योग स्थापित कर सकते हैं। इससे रोजगार बढ़ने के साथ जिले के आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
उपायुक्त उद्योग रोशन अम्बेडकर ने बताया कि सीएम युवा योजना के क्रियान्वयन में बलिया प्रदेश में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने पात्र युवाओं को अधिक से अधिक ऋण उपलब्ध कराने और जिले को प्रथम स्थान पर पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यशाला में अधिकारियों, बैंक प्रतिनिधियों और विशेषज्ञों ने युवाओं की समस्याओं पर संवाद किया।