बैरिया / लालगंज। सेंट्रल बैंक देवरिया के क्षेत्रीय प्रमुख शशिभूषण दयाल की तहरीर पर दोकटी पुलिस ने शाखा के कर्मचारी के खिलाफ धोखाधड़ी कर खाताधारक गणेश यादव के खाते से सात लाख 99 हजार 900 रुपये निकालने का मुकदमा दर्ज कराया।
26 दिसंबर 2024 को खाताधारक गणेश यादव ने शाखा प्रबंधक बालेंद्र कुमार राव से शिकायत की कि उनके खाते में जमा धनराशि बिना उनके हस्ताक्षर के निकाल ली गई। शाखा प्रबंधक ने तत्काल मामले का संज्ञान लेते हुए कर्मचारियों से पता किया। सिर्फ धर्मेंद्र सिंह ने गणेश कुमार यादव के बचत खाते से पैसा निकालने की बात स्वीकार की। क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा प्रकरण की गहन जांच कराई गई तो जांच में यह तथ्य आया कि धर्मेंद्र कुमार सिंह ने गणेश कुमार यादव के बचत खाते से बिना खाताधारक की अनुमति से निकासी वाउचर के द्वारा विभिन्न तिथियों पर धन की निकासी की गई है। जांच के दौरान निकाली गई धनराशि उनके खाते में जमा की गई पाई गई। इस बाबत क्षेत्राधिकारी फहीम कुरैशी ने बताया कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया देवरिया के क्षेत्रीय प्रमुख की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर घटना की विवेचना की जा रही है।