बलिया। कोरोना से बचाव के लिए शत प्रतिशत लोगों के टीकाकरण का प्रयास जारी है। जिले में 12 से 14 साल के बच्चों को महामारी से बचाने के लिए टीकाकरण को विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके लिए अभी विद्यालयों में बूथ बनाकर बच्चों का टीकाकरण किया जा रहा है। विद्यालयों को संतृप्त करने के बाद में गांव स्तर पर बूथ बनाए जाने की तैयारी है। उधर 15 से 17 साल के किशोरों को दूसरी डोज देने के साथ ही बुजुर्गों को प्रीकॉशन डोज देने का कार्य किया जा रहा है।
12 से 14 साल के बच्चों के टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग का पूरा जोर है। जनपद में 1.35 लाख बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। बुधवार तक 47082 बच्चों का टीकाकरण किया जा चुका था और जनपद प्रदेश में दूसरे नंबर पर था। बृहस्पतिवार को 6827 बच्चों का टीकाकरण किया गया। इसके साथ ही जनपद में कुल 8797 लोगों का कोविड वैक्सीनेशन हुआ। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एके तिवारी ने बताया कि स्वास्थ विभाग की ओर से चलाई जा रही इस मुहिम में शिक्षा विभाग का भी सहयोग लिया जा रहा है। विद्यालयों को संतुष्ट करने के बाद गांवों में भी कैंप लगाया जाएगा। जल्द ही शासन से निर्धारित शत प्रतिशत लक्ष्य को प्राप्त कर लिया जाएगा।