Ballia News: बलिया जिले में प्रधान पद के संभावित प्रत्याशी पर जानलेवा हमला किया गया। आरोप है कि बाइक से घर जाते समय बदमाशों ने प्रधान पद के प्रत्याशी को घेरकर पहले गाली-गलौज किया, फिर डंडे और चाकू से हमला कर घायल कर दिया।
पंचायत चुनाव भले ही फिलहाल आगे बढ़ा दिया गया हो, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी रंजिश की घटनाएं सामने आने लगी हैं। नरही थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात प्रधान पद के संभावित प्रत्याशी पर जानलेवा हमला किए जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
विज्ञापन
क्या है पूरा मामला
पिपराकला गांव निवासी गोविंद राजभर (35) बुधवार रात दौलतपुर गांव से मिठाई बनाने का कार्य समाप्त कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पिपरा कला रोड पर बाइक सवार छह-सात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने उनकी बाइक रोककर गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर डंडा व चाकू से हमला कर दिया। हमले में गोविंद गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और बेहोश हो गए।
घटना के दौरान उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। परिजन तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरही लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी स्थिति चिंताजनक होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही नरही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल तथा परिजनों से जानकारी जुटाई। पुलिस हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों की जांच में जुट गई है। इस बाबत थानाध्यक्ष हरिशंकर सिंह ने बताया कि चाकूबाजी की सूचना पर पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।