बेल्थरारोड। विद्युत उपकेंद्र अवायां से संबद्ध सोनाडीह फीडर जर्जर हो गया है। सोनाडीह फीडर से बेल्थरारोड विधानसभा क्षेत्र के पश्चिमोत्तर भाग के करीब डेढ़ दर्जन से अधिक गांवों में विद्युत आपूर्ति होती है। फीडर से जुड़े खंभे और तार भी जर्जर हो गए हैं। समस्या के समाधान के लिए विभाग ने फीडर को दो भागों में बांटने की योजना तैयार की है। इसके लिए 70 लाख इस्टीमेट बनाकर मुख्यालय भेजा गया है।
हालत ये है कि हवा के झोंके से स्पार्किंग के बाद तार टूटते रहते हैं। इससे आए दिन किसी न किसी गांव में तार टूटने, जंपर उड़ने, हाई लो वोल्टेज आदि समस्या से लोगों को जूझना पड़ता है। अवर अभियंता अवधेश कुमार ने विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए उपखंड अधिकारी समेत अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंता को पत्र लिखा है। पत्र में उल्लेख है कि सोनाडीह फीडर पर लोड बढ़ गया है। इस फीडर से जुड़े गांवों में विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए फीडर को दो भागों में विभाजित करना जरूरी है। इसके लिए जेई ने 70 लाख रुपये का इस्टीमेट भी भेज दिया है।