बैरिया/जयप्रकाश नगर। विकास खंड मुरली छपरा के इब्राहिमाबाद नौबरार के कटान पीड़ितों को लोक निर्माण विभाग द्वारा बीएसटी बंधे से उजाड़ने के लिए नोटिस देने के बाद मामला गरमा गया है। लोक निर्माण विभाग द्वारा नोटिस दिए जाने से एक बार फिर आंदोलन की सुगबुगाहट तेज हो गई है।
इब्राहिमाबाद नौबरार के कटान पीढ़ित सरयू नदी के कटान में घर गृहस्थी विलीन होने के बाद बीएसटी बंधे की पटरियों पर शरण लिए हैं। उन्हें बसाने के लिए मौजा चांददियर में 152 कटान पीड़ितों के लिए तहसील प्रशासन द्वारा भूमि आवंटित काफी पहले की गई थी। इसमें मात्र नौ लोगों को भूमि पर कब्जा दिलाया गया है। ऐसे में कटान पीड़ित को कब्जा न मिलने की स्थिति में बीएसटी बंधा की पटरियों, सार्वजनिक स्थानों, अपने अपने रिश्तेदारी या किराए की मकान में रह रहे हैं। जब बीएसटी बंधे का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण होने लगा तो पीडब्लूडी ने उन्हें नोटिस पकड़ा कर पटरी खाली करने का हुक्म दे डाला। ऐसे में कटान पीड़ित जाएं तो कहा जाएं। उधर, इंटक जिलाध्यक्ष विनोद सिंह ने जिलाधिकारी को पत्र देकर बताया है कि कटान पीड़ितों की आवन्टित भूमि कब्जा दखल के लिए कई बार आंदोलन किया गया है, लेकिन उन्हें कब्जा नहीं दिलाया जा सका है। अब पीडब्ल्यूडी ने पटरी खाली करने के लिए उन्हें नोटिस दिया है। चेताया है कि अगर कटान पीड़ितों को 21 जून तक आवन्टित भूमि पर कब्जा नहीं दिलाया गया तो 22 जून से तहसील परिसर में अनिश्चितकालिन हड़ताल होगी।
इस बाबत तहसीलदार पंडित शिवसागर दूबे ने बताया कि हर हाल में आवंटित भूमि पर कटान पीड़ितों को कब्जा दिलाया जाएगा। राजनीतिक खींचातानी में यह मामला अब तक अटका है। कुछ विधिक दिक्कत है। उसका समाधान कर कब्जा दिलाया जाएगा।