रामगढ़। जिलाधिकारी अदिति सिंह ने गुरुवार की दोपहर गंगा नदी के गंगापुर डगरा के समीप बाढ़ से पूर्व बाढ़ विभाग द्वारा की गई तैयारियों का जायजा लिया। पूर्व में कराए गए कार्यों की भी बारीकी से निरीक्षण किया। बाढ़ विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिया कि जो भी नया कार्य शुरू हुआ है, वह हर हाल में 15 मई तक पूर्ण कर लिया जाए।
निरीक्षण के दौरान गंगापुर डोगरा और सुनार टोला रामगढ़ के समीप पूर्व के प्रोजेक्ट के तहत कराए गए कार्यों की सच्चाई देखी गई। बाढ़ विभाग के अधिशासी अभियंता संजय कुमार मिश्र ने जिलाधिकारी को बताया कि करीब आठ करोड़ 34 लाख रुपए की लागत से इन दोनों स्थानों पर कार्य कराए गए हैं। उन्होंने 30 करोड़ की लागत से करीब 800 मीटर की दूरी के अंदर तीन स्पर और पीचिंग कार्य शुरू कराने की बात कही। बताया कि जो भी कार्य अब तक कराए गए हैं, वह सीसी कैमरे की निगरानी में हुआ है। डीएम ने कहा कि हर हाल में गुणवत्तापरक कार्य समय के अंदर पूर्ण हो जाने चाहिए। जिलाधिकारी ने कहा कि हमें उस स्थल का निरीक्षण कराएं, जहां पर कार्य शुरू हुआ है। इस दौरान हर हाल में 15 मई तक कार्य पूर्ण करने को कहा। इस मौके पर उप जिलाधिकारी सदर राजेश कुमार यादव, उप जिलाधिकारी बैरिया प्रशांत कुमार नायक, बाढ़ विभाग के एसडीओ कमलेश कुमार, अवर अभियंता प्रशांत कुमार, जावेद कुमार आदि रहे।