शासन ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में निर्माणाधीन 15 राजकीय पॉलीटेक्निक और 16 राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान को पीपीपी मोड पर संचालित करने का निर्णय लिया है। इसमें बांसडीह के हुसेनाबाद में बन रहा एक पॉलीटेक्निक और आईटीआई भी शामिल है। इसमें छह पॉलीटेक्निक और छह आईटीआई के लिए निविदा के बाद तो संचालक तलाश लिए गए, लेकिन बलिया के एक प़ॉलीटेक्निक और एक आईटीआई के लिए कोई खरीदार नहीं मिला। शासन ने शीघ्र ही संचालन के लिए संस्था निर्धारण करने के लिए फिर से निविदा कराने के निर्देश दिए हैं।
बांसडीह में शासन की ओर से राजकीय आईटीआई और हुसेनाबाद में राजकीय पॉलीटेक्निक का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माणाधीन कालेज को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर संचालित किया जाएगा। इसके लिए पिछले दिनों आरएफपी कंशेसन एग्रीमेंट के प्रावधानों के अनुरूप निविदा कराई गई थी जो सफल नहीं हुई। अब इसे फिर से कराने के लिए निर्देश जारी किए गए हैं।
राजकीय पॉलीटेक्निक के प्रिंसिपल ब्रजभूषण कुमार ने बताया कि नये प़ॉलीटेक्निक को पीपीपी माडल पर चलाने की तैयारी है। अभी निविदा के बारे में जानकारी नहीं है। शासन से जैसे निर्देश मिलेंगे उसी के अनुसार संचालन किया जाएगा। राजकीय आईटीआई के प्रिंसिपल भूपेंद्र कुमार ने बताया कि निर्माणाधीन भवन का कुछ हिस्सा हैंडओवर हो गया है कुछ होने वाला है।
जनपद में तीन पॉलीटेक्निक और चार आईटीआई
जनपद पहले से तीन राजकीय प़ालीटेक्निक संचालित हैं। इसमें दो बलिया के तिखमपुर में और एक जिगिड़सर में है। वहीं, चार राजकीय आईटीआई का संचालन होता है। इसमें एक शहर में, एक सीयर, एक नवावगर और एक इब्राहिमाबाद में है।