Ballia News: सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन पर फरवरी माह में ट्रैक पर शव मिला था। मामले का खुलासा करते हुए जीआरपी ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों में आत्महत्या करने वाले व्यक्ति की पत्नी और उसका कथित प्रेमी है।
बलिया जिले के सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक पर फरवरी में युवक ने ट्रैक पर गर्दन रख आत्महत्या करने के मामले में जीआरपी ने बड़ा खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया। दोनों की गिरफ्तारी करीब तीन माह की विवेचना के बाद मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड व फोन में मिले फोटो समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर की गई।
विज्ञापन
क्या है पूरा मामला
जीआरपी थानाध्यक्ष राजकपूर सिंह ने कहा कि सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन के पास मनोज बांसफोर का रेलवे ट्रैक पर शव मिला था, उसने ट्रेन के सामने आकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद चाचा अशोक बासफोर ने कोर्ट में आवेदन देकर आरोप लगाया कि पत्नी संजू देवी का दूसरे से अवैध संबंध है, उसके साथ मिलकर मनोज की गला रेत कर हत्या कर आत्महत्या का रूप देने के लिए ट्रैक लेटाने का आरोप लगाया था।
कोर्ट के आदेश पर बैरिया थाने ने जून में जीरो एफआईआर दर्ज कर बाद में जांच के लिए जीआरपी बलिया स्थानांतरित कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक रेलवे गोरखपुर लक्ष्मी निवास मिश्र के निर्देशन में थानाध्यक्ष राजकपूर सिंह ने मामले की विवेचना के दौरान पत्नी के मोबाइल की सीडीआर और प्रेमी के मोबाइल में दोनों की मिली तस्वीर व अन्य साक्ष्यों से मामले की पुष्टि हुई।
इस पर शुक्रवार की देर रात रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर चार से आरोपी मनीष यादव निवासी बदुरहा टोला बैरिया को गिरफ्तार किया गया। शनिवार सुबह मुखबिर की सूचना पर सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो से मृतक की पत्नी संजू देवी को भी गिरफ्तार कर दर्ज मुकदमे में विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश कर दिया।