बलिया के गड़वार थाना क्षेत्र के धन्नोतीधुरा गांव में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान झंडा जलाने के प्रयास का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई। मामले में दो आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। घटना के बाद सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस के अनुसार, मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
बुधवार को प्रतिमा विसर्जन के दौरान मस्जिद के सामने बिजली के खंभे पर लगे झंडे को जलाने के प्रयास का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ। वीडियो में एक युवक मुंह में ज्वलनशील पदार्थ लेकर झंडे को जलाने का प्रयास करता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
तहरीर मिलने पर दर्ज हुआ मुकदमा
सीओ सिटी सतीश शर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो के संबंध में तहरीर मिलने पर गड़वार थाने में दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटनास्थल पर पुलिस तैनात
घटना के मद्देनजर पुलिस सतर्कता बरत रही है। सीओ सिटी के मुताबिक, घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात है और शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।