बलिया। क्रिसमस पर आमजन को सुरक्षित खाद्य और पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए मंगलवार को दूध एवं उससे निर्मित मिठाइयां, केक, पेस्ट्री, कुकीज, चॉकलेट सिरप, तेल, घी, वनस्पति और नमकीन आदि के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने नगर स्थित तीन बेकरी की दुकानों पर छापा मारकर क्रीम, केक और केक निर्माण में प्रयुक्त टॉपिंग्स के कुल छह नमूने, वनस्पति, मैदा तथा नारियल का बुरादा जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा गया। इस दौरान वहां रखा गया लगभग पांच किलो केक (चूरा) नष्ट कराया, जिसकी कुल अनुमानित मूल्य लगभग 1200 रुपये थी। टीम ने मालगोदाम रोड स्थित एक मिष्ठान विक्रय प्रतिष्ठान पर छापा मारकर एक संदिग्ध रंगीन बर्फी का नमूना जांच के लिए लिया। घनश्याम नगर कालोनी में स्थित बेकरी की दुकान में साफ-सफाई असंतोषजनक मिलने पर विक्रेता को सुधार के लिए नोटिस दिया। टीम ने तिखमपुर बाजार से दूध के तीन संदिग्ध नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया। टीम की कार्रवाई से बाजार में हड़कंप मचा रहा।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया की जिले में क्रिसमस और नववर्ष के उपलक्ष्य में विशेष अभियान चलाकर मिलावटखोरों पर नकेल कसी जाएगी और आम जनमानस के स्वास्थ्य से खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारीगण बिपिन कुमार गिरि, अमित कुमार सिंह, नरेंद्र कुमार, चन्द्र प्रकाश यादव एवं संतोष कुमार उपस्थित रहे।