बलिया। शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एक कॉलोनी निवासी कॉलेज की छात्रा ने सोमवार को विषाक्त पदार्थ खाकर जान देने का प्रयास किया। इसकी जानकारी के बाद कॉलेज कैंपस में अफरा-तफरी मच गई। छात्रों ने उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई गई।
मिली जानकारी के अनुसार छात्रा ने इसलिए विषाक्त पदार्थ खा लिया, क्योंकि उसकी बचपन की सहेली ने कुछ दिनों से उससे बात करना बंद कर दिया था। बताया जा रहा है कि एक सप्ताह पहले भी इसी बात को लेकर छात्रा ने अपनी कलाई काट ली थी। तब पिता ने किसी तरह जान बचाई थी। अब पुन: आत्महत्या की कोशिश से परिवार के सदस्य परेशान हैं। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो छात्रा दोपहर में कालेज कैंपस में बेसुध अवस्था में मिली। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। तब साथी छात्राओं ने बताया कि उन्होंने उसे कोई पैकेट फाड़कर कुछ खाते हुए देखा था। इसके बाद कॉलेज के छात्रों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसके विषाक्त पदार्थ खाने की पुष्टि हुई।