रेवती। स्थानीय सीएचसी के फार्मासिस्ट द्वारा मरीजों के साथ किये गए दुर्व्यवहार के विरुद्ध नामित सभासद भोला ओझा के नेतृत्व में नगर के युवक सोमवार की सुबह सीएचसी प्रांगण में धरना प्रदर्शन पर बैठ गए।
बताया जा रहा है कि नगर के वार्ड नंबर एक निवासी सोनू अपनी मां को ब्लड प्रेशर बढ़ने की शिकायत होने पर सीएचसी रेवती लेकर पहुंचे। उन्होंने फार्मासिस्ट से ब्लड प्रेशर नापने के लिए कहा। सोनू की माने तो फार्मासिस्ट ने बगैर जांच किए ही कहा कुछ नहीं हुआ है। सोनू के जांच करने की बात दुहराने पर फार्मासिस्ट आग बबूला होकर उलझ गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे भोला ओझा के नेतृत्व में जुटे लोग धरना पर बैठ गए। धरना पर बैठे लोगों ने इलाज तथा रैबीज इंजेक्शन देने के नाम पर पैसा वसूलने के अलावा आए दिन रोगियों से दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया। उधर, सूचना पर एसएचओ यादवेंद्र पांडेय, सपा नेता राणा योगेंद्र विक्रम सिंह माण्डलू तथा अमित पांडेय मौके पर पहुंचे। इसके अलावा प्रभारी अधीक्षक डा. धर्मेंद्र कुमार भी पहुंचे और उनके आश्वासन पर एक घंटे बाद धरना समाप्त हो गया। इस मौके पर रवि उपाध्याय, छोटक पांडेय, मो. सोनू, मो. लूटन, चंदन सिंह, सुनील शाह, रोशन सिंह, आशीष तिवारी, मो. राजा, मो. सहिद, दीपक चौरसिया आदि शामिल रहे।