बांसडीहरोड। क्षेत्र के दिउली गांव के समीप रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार की दोपहर खुदकुशी करने जा रहे एक वृद्ध को युवाओं ने बचा लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें लेकर थाने चली गई। पुलिस ने बताया कि पारिवारिक कलह के कारण बुजुर्ग ऐसा कदम उठाने जा रहा था।
वाराणसी-छपरा रेलखंड स्थित बांसडीहरोड रेलवे स्टेशन के पश्चिम दिउली गांव के पास शुक्रवार की दोपहर एक वृद्ध रेलवे ट्रैक से होते हुए जा रहा था। इसी बीच मस्जिद में नमाज अदा कर निकले युवाओं ने देखा कि सहतवार से मुख्यालय के तरफ एक ट्रेन आ रही है। इसी बीच एक वृद्ध रेलवे ट्रैक पर सिर रखकर सो गया। आसपास के युवा दौड़कर वृद्ध के पास पहुंचकर उसे ट्रैक से हटाकर उसकी जान बचा ली। कुछ ही देर में ट्रेन निकल गई। उसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वृद्ध को थाने लेकर चली गई। वहीं वृद्ध ने पुलिस को अपना नाम सूकर राम निवासी बांसडीह बताया। कहा कि वह घरेलू कलह से तंग आकर आत्महत्या करने आया था। इसके पहले भी फांसी पर लटककर जान देने की कोशिश की थी। पुलिस ने वृद्ध के परिजनों को सूचना दे दी है।