बलिया। गेहूं खरीद की अंतिम तिथि जैसे नजदीक आ रही है किसानों की चिंता बढ़ती जा रही है। सांसद व मंत्री के अलावा जिलाधिकारी के निर्देश के बाद भी क्रय केंद्रों पर खरीद में सुधार नहीं हो रहा है। हालांकि विभाग का दावा है कि पिछले साल की अपेक्षा अधिक खरीद की गई है। क्रय केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में खरीद नहीं होने से किसान औने-पौने दामों पर गेहूं बेचने को विवश हैं। इस साल कुल 29360 किसानों ने गेहूं बेचने के लिए पंजीकरण कराया लेकिन 13844 किसानों से ही खरीद हो सकी है। जिला विपणन अधिकारी के अनुसार अब तक 52 हजार मीटरिक टन खरीद हो चुकी है जो पिछले वर्ष से 20 हजार एमटी अधिक है।
कुछ दिनों पहले जिलाधिकारी अदिती सिंह ने हर क्रय केंद्र पर प्रतिदिन 600 क्विंटल गेहूं की खरीदारी का निर्देश दिया। लेकिन अधिकारियों के मनमानी से गेहूं की खरीदारी प्रतिदिन 300 क्विंटल से ज्यादा नहीं हो रही है। क्रय केंद्रों पर किसानों ने आरोप लगाया कि बिचौलिए से मिलीभगत कर अधिकारी मनमानी कर रहे हैं। शासन की ओर से अब अवकाश के दिन भी क्रय केंद्रों पर गेहूं खरीद करने की बात कही गई है लेकिन रविवार को जिले के किसी क्रय केंद्र पर खरीद नहीं हुई। अधिकारियों ने बताया कि इस बाबत उन्हें कोई निर्देश नहीं मिला है।