हल्दी। ग्राम पंचायत दोपही में सामुदायिक शौचालय की सफाई और देखरेख करने वाले स्वामी विवेकानंद महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने लंबे समय से भुगतान नहीं होने का आरोप लगाया है। समूह की ओर से जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर मामले की जांच कराने, बकाया राशि का भुगतान कराने और भविष्य में नियमित भुगतान की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
समूह की अध्यक्ष जयश्री पाण्डेय, सचिव पुष्पांजली और कोषाध्यक्ष राजलक्ष्मी देवी ने अधिकारियों को दिए पत्र में बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत समूह को गांव के सामुदायिक शौचालय के संचालन, साफ-सफाई और देखरेख की जिम्मेदारी दी गई है। समूह की सदस्य बेबी देवी केयरटेकर के रूप में नियमित रूप से शौचालय की सफाई और देखरेख कर रही हैं। आरोप है कि जनवरी 2023 से सफाई एवं रखरखाव मद में पानी, बिजली, सफाई सामग्री आदि का भुगतान नहीं किया गया है। महिलाओं का आरोप है कि बकाया भुगतान के लिए ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव के अलावा खंड विकास अधिकारी दुबहड़ तथा जिला पंचायत राज अधिकारी को कई बार लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका है। संवाद