विभिन्न मांगों को लेकर कलेट्रेट में प्रदर्शन करते संयुक्त किसान मोर्चा और विभिन्न संगठनों के
बलिया। संयुक्त किसान मोर्चा तथा संयुक्त ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर सोमवार को बलिया में जेल भरो आंदोलन हुआ।
अखिल भारतीय किसान सभा, सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस, अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन समेत विभिन्न संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बापू भवन से विशाल रैली निकाली। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। रैली में शामिल लोग रेलवे स्टेशन होते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। जहां जिलाधिकारी के प्रतिनिधि सिटी मजिस्ट्रेट को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। इसके बाद आयोजित सभा में वक्ताओं ने किसानों और मजदूरों से जुड़ी मांगों को प्रमुखता से उठाया।
सभा को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन के नेता रामकृष्ण यादव ने कहा कि यदि सरकार ने मांगों को नहीं माना तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए जनविरोधी कानूनों को वापस लेना होगा। किसानों को उनकी फसलों का एमएसपी लागू करने और चारों श्रम संहिताओं को वापस लेने की मांग भी उठाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला संगठनों से जुड़ी महिलाएं भी शामिल रहीं। रामकृष्ण यादव, अजीत सिंह, परमात्मानंद राय, हृदया शंकर यादव, अनूप कुमार, रामकुंवर, शिवनाथ, अशोक कुमार पांडेय, लक्ष्मण यादव, प्रमोद गौड़, नरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नरेंद्र कुमार सिंह ने की और संचालन अजीत सिंह ने किया।