सावन माह के दुसरे सोमवार को शिवमंदिर में जलाभिषेक के लिए लगी श्रद्धालुओं की लंबी कतार।संवाद
बलिया। सावन मास के दूसरे सोमवार (सोमवारी) के अवसर पर जिले के प्रमुख शिव मंदिरों और शिवालयों में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जिले के बाबा बिमलेश्वर, असेगा शोकहरण नाथ, छितौनी छितेश्वर नाथ मंदिर में औघड़दानी का जल-दूध से लोगों ने अभिषेक किया
श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयघोष के साथ शिवलिंग पर गंगाजल, दूध, बेलपत्र और धतूरा चढ़ाकर जलाभिषेक किया। शहर के बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर में जलाभिषेक के दौरान भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी। इससे श्रद्धालुओं को कतार में आगे बढ़ने और जलाभिषेक करने में सुविधा मिली। पुलिस के जवान श्रद्धालुओं की मदद करते हुए देखे गए। बम भोले के जयघोष से भृगु की धरती बमबम हो गई।
वहीं, संजय कुमार शास्त्री मंदिर के अंदर भीड़ को पूजा करने के बाद बाहर निकलने की अपील करते रहे। सिटी मजिस्ट्रेट आशाराम वर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत न हो, इसका पूरा ख्याल रखा जा रहा है। वहीं, देवकली बाबा बिमलेश्वर, असेगा शोकहरण नाथ, छितौनी छितेश्वर नाथ, कारो कामेश्वर नाथ आदि शिव मंदिरों पर मंदिर सा दृश्य बना रहा। बेल्थरारोड में नगर के हनुमानगढ़ी, मानस मंदिर, काली चौरा, बस स्टेशन सहित मठिया गुलौरा, खैरा खास, तुर्तीपार, मुजौना, बेल्थराबाजार, हल्दीरामपुर, पिपरौली, बस स्टेशन आदि मंदिरों पर श्रद्धालु नर-नारियों की भीड़ उमड़ पड़ी। बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर में मंदिर कमेटी की तरफ से महिला व पुरुष कतार में बड़े- बड़े कूलर लगाए गए थे।