टिकट कटने से नाराज और बगावत का झंडा बुलंद करने वाले बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह के तेवर ढीले नहीं पड़ रहे हैं। मंगलवार को देर शाम अपने आवास पर पत्रकारों के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने एक ओर जहां टिकट कटने के लिए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व पर मानसिक दिवालियापन का आरोप लगाया तो दूसरी ओर कहा कि जिले में भाजपा को एक भी सीट नहीं जीतने दूंगा।
विधायक ने कहा कि द्वाबा की जनता के टिकट पर मैं चुनाव लड़ूंगा। किसी दल से टिकट मांगने नहीं जाएंगे। मेरी लड़ाई सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त से है। दावा किया कि बीजेपी बलिया की सभी सीटें हारेगी। बैरिया से यूपी सरकार के मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला के प्रत्याशी बनाए जाने पर उन्होंने तंज कसा कि बलिया नगर से रिजेक्टेड प्रत्याशी, बैरिया में सेलेक्ट हो गया।
विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि बलिया में लड़ाई एमपी वीरेंद्र सिंह मस्त और मेरे चरित्र के बीच है। मैं बीजेपी से इस्तीफा दे चुका हूं। बलिया का टिकट दिल्ली से नहीं यहां की जनता के दिल से बंटता है। अक्षम लोगों को टिकट देकर भाजपा ने अपने दिमागी दिवालियापन का परिचय दिया है, जिसका रिजल्ट 10 मार्च को उसके सामने होगा और बलिया में भाजपा का खाता नहीं खुलेगा।
विधायक सुरेंद्र सिंह को पार्टी की ओर मनाने का काम किया जा रहा है। उम्मीद है वह मान जाएंगे और पार्टी का सहयोग करेंगे। पार्टी को जिले की सभी सीटों पर सफलता मिलेगी।
- जयप्रकाश साहू, जिलाध्यक्ष, भाजपा, बलिया