बलिया। वाराणसी-छपरा रेलखंड के बांसडीह रोड रेलवे स्टेशन के समीप फाइव स्पेशल रेलवे क्रॉसिंग पर प्रस्तावित ओवरब्रिज की आकृति वाई शेप की होगी। ओवरब्रिज के निर्माण के लिए 165 करोड़ की डीपीआर तैयार है।
पुल निर्माण के लिए राज्य सरकार और रेलवे के बीच सभी बिंदुओं पर सहमति बनाने की कार्यवाही तेजी से आगे बढ़ रही है। ऐसे में डीपीआर को जल्द स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। इसके बाद निर्माण शुरू कराया जाएगा। सेतु निगम इसकी तैयारियों में लगा है। फाइव स्पेशल रेलवे क्रॉसिंग पर प्रस्तावित ओवरब्रिज की आकृति वाई शेप की होगी। पूर्व दिशा में ये ओवरब्रिज सहतवार-सोनवानी मार्ग पर दोनों ओर उतरेगा। इससे एक ओर लोग सहतवार की ओर और दूसरी ओर सोनवानी मार्ग पर बिना रुकावट जा सकेंगे।
पश्चिम दिशा में बलिया-बांसडीह मार्ग की ओर से उतरेगा। इसकी कुल लंबाई एक किमी के आसपास रहने की उम्मीद है। फाइव स्पेशल रेलवे क्रॉसिंग पर प्रस्तावित ओवरब्रिज कुल दो लेन का होगा। इससे पहले शासन ने पिछले वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन गाजीपुर-तुर्तीपार स्टेट हाईवे (एसएच-108) पर रसड़ा के छितौनी क्राॅसिंग (समपार संख्या 15-टी स्पेशल) पर बनने वाले रेल ओवरब्रिज बनाने की स्वीकृति दी थी।
फाटक बंद होते ही लगती है वाहनों की कतार
फाइव स्पेशल रेलवे क्रॉसिंग पर दिनभर छोटे-बड़े वाहनों और पैदल यात्रियों की आवाजाही रहती है। ट्रेनों के गुजरने के दौरान फाटक बंद होते ही सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। इससे स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ती है। पुल निर्माण से बांसडीह रोड बाजार, मनियारी जसाव, हरिपुर समेत आसपास के गांवों के लोगों में ओवरब्रिज निर्माण को लेकर उम्मीद बढ़ी है।
हाल ही में हुई थी मिट्टी की जांच
इंजीनियरों और तकनीकी कर्मियों की टीम ने प्रस्तावित स्थल पर कई स्थानों पर करीब 40 मीटर तक गहरी बोरिंग की थी। इसके बाद अलग-अलग गहराई से मिट्टी के नमूने एकत्र किए गए। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद निविदा जारी कर निर्माण कार्य शुरू कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
छितौनी क्राॅसिंग पर ओवरब्रिज के लिए मिट्टी की जांच पूरी
पिछले वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन शासन ने गाजीपुर-तुर्तीपार स्टेट हाईवे (एसएच-108) पर रसड़ा के छितौनी क्राॅसिंग (समपार संख्या 15-टी स्पेशल) पर बनने वाले रेल ओवरब्रिज बनाने की स्वीकृति दी थी। इसके निर्माण पर लगभग 196 करोड़ की धनराशि खर्च की जानी है। अब इस ओवरब्रिज के निर्माण की कवायद तेज हो गई है। मिट्टी की जांच आदि का कार्य पूरा हो चुका है। छितौनी क्राॅसिंग से 24 घंटे में करीब 10 ट्रेनें गुजरती हैं। जिससे क्रॉसिंग बंद होने से जाम लगता है। ओवरब्रिज बनने से जाम से लोगों को मुक्ति मिलेगी। ओवरब्रिज बन जाने से आमजन की राह आसान होगी।
सेतु निगम के उप परियोजना प्रबंधक होती लाल ने बताया कि वाराणसी-छपरा रेलखंड के बांसडीह रोड रेलवे स्टेशन के समीप फाइव स्पेशल रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। शासन स्तर से आगे की कार्यवाही चल रही है। जल्द ही स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। इसके बाद आगे की कार्यवाही शुरू होगी।