सड़क हादसे में गई चारों की जान
नगरा-बेल्थरारोड मार्ग पर निछुआडीह मोड़ के समीप शनिवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में अभिषेक पटेल, कुणाल पासवान, गोलू ठाकुर और धनंजय पटेल की मौत हो गई थी। नौकरी मिलने की खुशी में दोस्तों ने पार्टी करने की योजना बनाई थी। अभिषेक के सामने दोस्तों ने पार्टी की इच्छा जताई तो उसने भी हामी भर दी। इसके बाद कुछ दोस्त दो कारों में सवार होकर नगरा के लिए निकले।
मालीपुर के नौरंगिया चट्टी पर नाश्ता करने के बाद उनका सफर आगे बढ़ा, लेकिन निछुआडीह मोड़ के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर दैत्यराज बाबा स्थल के सामने ताड़ के पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में चारों दोस्तों अभिषेक, कुणाल, धनंजय और गोलू ठाकुर की जान चली गई। चारों दोस्तों का एक साथ निकला सफर चार परिवारों के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गया। घटना की सूचना पर भाजपा नेता शशि चौरसिया, अच्छेलाल यादव सहित कई गणमान्य लोग अंत्येष्टि में मौजूद रहे। इससे पहले पूर्व विधायक गोरख पासवान ने भी मृतकों के घर पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी। छठ महापर्व की तैयारियों के बीच हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है।