आकाश की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसकी मां रेखा देवी और बहन नैना का रो-रोकर बुरा हाल है। बहन नैना ने बताया कि उनके पिता भरत की चार महीने पहले लंबी बीमारी के कारण मौत हो गई थी। पिता के निधन के बाद आकाश ही परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसी की कमाई से मां और बहन का भरण-पोषण होता था। अब उसकी मौत के बाद परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद ठेकेदार और अन्य लोग लगातार फोन कर समझौता करने का दबाव बना रहे हैं। कभी ढाई लाख तो कभी तीन से चार लाख रुपये देकर मामला खत्म करने की बात कही जा रही है। बहन नैना का कहना है कि इतनी कम रकम में मां और उसका जीवनयापन कैसे होगा। परिवार ने सरकार और प्रशासन से 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
इस संबंध में उप निरीक्षक ऋतुराज मिश्रा ने बताया कि मृतक की मां की तहरीर पर 14 नवंबर को निर्माण कार्य कराने वाले खालिद बशीर के खिलाफ कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।