बलिया। आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत मेरी माटी, मेरा देश-मिट्टी को नमन, वीरों के वंदन के वंदनोत्सव कार्यक्रम गंगा बहुउद्देशीय सभागार में हुआ। जनपद के 17 ब्लाकों और 12 नगरीय क्षेत्रों से देश के लिए बलिदान देने वाले वीर सपूतों की याद में लाए गए अमृत कलश के मिट्टी और चावल के अक्षत को यहां लाया गया। मुख्य अतिथि राज्य मंत्री आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन दयाशंकर मिश्र ''दयालु'' रहे। सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने भी प्रतिभाग किया।
शुभारंभ राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर किया। स्थानीय कलाकारों और एनसीसी की छात्राओं ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। वीर सपूतों की याद में देशभक्ति से संबंधित ऑडियो क्लिप और आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत मेरी माटी, मेरा देश पर लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत यह कार्यक्रम 12 मार्च 2021 साबरमती आश्रम से वीर सपूतों को सच्ची श्रद्धांजलि देने के लिए पीएम मोदी ने शुरू किया था। यह कार्यक्रम अपने आखिरी पड़ाव पर है। हम सिर्फ विकास की ही बात नहीं करते, विरासत की भी बात करते हैं। मंगल पांडेय और चिंत्तू पांडेय के संघर्षों को याद किया। कहा कि दुनिया का कोई ऐसा देश नहीं है जो अपने देश को मां के नाम से संबोधित करता हो। हमारे यहां गाय,नदियां और वृक्षों की पूजा होती है।
सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने कहा कि जो देश अपने श्रेष्ठजनों एवं बलिदानियों का सम्मान नहीं करते हैं वह अपने देश को ही नुकसान पहुंचाते हैं। भारत ही एकमात्र देश है जहां ऐसे लोगों को सम्मानजनक दृष्टि से देखा जाता है और उनके कर्तव्यों को आत्मसात किया जाता है। अमृत कलश के माध्यम से दिल्ली के इंडिया गेट पर अमृत वाटिका का निर्माण होगा। सांसद रवींद्र कुशवाहा ने कहा कि देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूतों का भारत देश हमेशा ऋणी रहेगा, जिन्होंने देश की रक्षा करते हुए अपना प्राण न्योछावर कर दिया।
डीएम जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि जिन वीर सपूतों की वजह से आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं, मैं ऐसे सभी वीर सपूतों को श्रद्धा सुमन अर्पित करता हूं। प्रभारी मंत्री ने पंचप्रण की शपथ दिलाई। प्रभारी मंत्री ने अमृत कलश वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो दो ग्रुपों में लखनऊ और दिल्ली जाएंगे। संचालन अतुल तिवारी ने किया। भाजपा जिलाध्यक्ष संजय यादव, एसपी एस आनंद, सीडीओ ओजस्वी राज, पीडी उमेश मणि त्रिपाठी, सिटी मजिस्ट्रेट इंद्रकांत द्विवेदी मौजूद थे।