बलिया। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण सर्वेक्षण 2025 को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने सभी विभागों को सर्वेक्षण में ऑनलाइन फीडबैक के निर्देश दिए हैं। उनकी कोशिश है कि इस सर्वेक्षण में जनपद बलिया प्रदेश में बहुत अच्छी स्थिति में रहे।
जिले के 17 ब्लाॅकों में अब तक 11 हजार से अधिक फीडबैक मिले हैं। केवल पंचायती राज विभाग इसके लिए प्रयास कर रहा है। बैठक में ही जिला स्तरीय अधिकारियों को एप डाउनलोड करा दिया गया था। कैसे फीडबैक देना है इसका प्रशिक्षण भी सभी को दिया गया था। सभी को अपने विभागों के कर्मचारियों से फीडबैक लेने के लिए प्रयास कराया जाना है। अगली विभागीय समीक्षा बैठक में इसकी भी समीक्षा की जाएगी।
जिला पंचायत राज अधिकारी अवनीश श्रीवास्तव ने बताया कि अधिक से अधिक लोगों से फीडबैक दिलाने के लिए सभी विभागों से समन्वय किया जा रहा। कोशिश की जा रही है कि फीडबैक में तेजी आए। पंचायती राज विभाग की ओर से इसके लिए ग्राम पंचायत स्तर, विकास खंड स्तर से लेकर जिले स्तर तक टीम कार्य कर रही है। जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी, कृषि विभाग के अलावा महाविद्यालयों, विद्यालयों, राजकीय महिला विद्यालय के प्राचार्य और प्रधानाचार्य को स्वच्छ सर्वेक्षण में फीडबैक कराने के लिए पत्र भेजा गया है।