जनपद के सहतवार निवासी कक्षा दसवीं के छात्र कालीचरण ने कम उम्र में ही बेहतरीन पेंटिंग बनाकर कला के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई। उसकी कलाकारी को आखिरकार मुख्यमंत्री ने सम्मान किया और दो लाख रुपये प्रोत्साहन राशि के रूप में इनाम में दिया। उसकी इस उपलब्धि पर न सिर्फ वार्डवासी बल्कि पूरे जनपदवासी को उस पर नाज है। परिवार वालों का कहना है कि सम्मान मिलने पर खुशी हुई है।
कालीचरण को बचपन से ही पेंटिंग का शौक था। उसके इस हुनर पर उसके पिता विजय ने हौसलाअफजाई की। इसके बाद ललित कला अकादमी के डॉ. इफ्तेखार खां ने कालीचरण को हर बारीकियां सिखाई। इसी बीच कालीचरण ने प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी की तस्वीर बनाकर न सिर्फ अपने गुरुजनों को बल्कि इस क्षेत्र में ठीक-ठाक रुचि रखने वाले सबको हैरत में डाल दिया था।
तदुपरांत कालीचरण तस्वीर को गोरखपुर ले जाकर मुख्यमंत्री को सौंपा था। शनिवार को लखनऊ मुख्यमंत्री कार्यालय से कालीचरण को बुलावा आया। जिस पर कालीचरण और उसके पिता कार्यालय पहुंचे, वहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुंदर कलाकारी के चलते पुरस्कार के रुप में दो लाख का प्रोत्साहन राशि स्वीकृत कर इनाम दिया। जब इसकी सूचना घरवालों को मिली तो घर में खुशी का माहौल उठा। बताते चलें कि कालीचरण के भाई बहनों में एक भाई और एक बहन है बहन का नाम अनीता है। घर में दादी ज्ञानमती देवी, माता जय माला देवी एवं चाचा श्याम बाबू गुप्ता ने एक-दूसरे के साथ खुशी का इजहार किया। कालीचरण अब तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर का सुन्दर सजीव पेंटिंग बनाकर भेंट कर चुका है। कालीचरण ने देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सजीव पेंटिंग प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर को भेंट किया।