बांसडीह। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की महिला ने बृहस्पतिवार शाम को प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह को फोन कर बताया कि पति धारदार हथियार लेकर घर आया है। कहीं रात में उसको जान से न मार दे। सूचना मिलते ही पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया ।
महिला ने बताया कि पति से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद पति आक्रोशित होकर दांव लेकर घर पहुंचा, जिससे उसे किसी अनहोनी की आशंका हुई।
इसी बीच महिला के पिता ने भी अलग नंबर से इंस्पेक्टर को फोन कर बेटी की सुरक्षा की गुहार लगाई। प्रभारी निरीक्षक ने तत्काल हल्का प्रभारी को गांव भेजा। पुलिस ने महिला के पति को मौके से हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया। पूछताछ में पति ने हत्या की मंशा से इन्कार करते हुए इसे पारिवारिक विवाद बताया। हालांकि, एहतियात के तौर पर पुलिस ने उसे रातभर थाने में रखा।
शुक्रवार सुबह पत्नी को भी कोतवाली बुलाया गया। महिला प्रकोष्ठ के समक्ष दोनों की संयुक्त काउंसिलिंग कराई गई। बातचीत और समझाने-बुझाने के बाद दोनों के बीच सुलह हो गई।
प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मामला आपसी विवाद और भ्रम का था। पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए दोनों पक्षों की काउंसलिंग कराई, जिसके बाद विवाद सुलझ गया। संवाद