बांसडीह। जिला पंचायत सदस्य विजय यादव के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं, लोगों ने शुक्रवार को उपजिलाधिकारी डॉ. पुष्कर मिश्रा को छह सूत्री मांग पत्र सौंपकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत और स्थायी व्यवस्था की मांग की।
ज्ञापन में सुल्तानपुर, महाराजपुर, भोजपुरवा और पर्वतपुर समेत कई गांवों में बाढ़ और कटान से हुए नुकसान का उल्लेख किया गया। ग्रामीणों के अनुसार कटान की चपेट में आकर कई मकान नदी में समा चुके हैं, जबकि सैकड़ों बीघे कृषि भूमि बर्बाद हो गई है। हजारों लोग प्रभावित हैं और बड़ी संख्या में परिवार राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों ने बाढ़ और कटान में मकान व फसल गंवाने वाले परिवारों का तत्काल सर्वे कराने तथा उचित आर्थिक मुआवजा देने की मांग की। प्रभावित किसानों को नष्ट हुई फसल और कृषि भूमि का भी मुआवजा देने की मांग उठाई गई।
हुसैनाबाद, सुखपुरा और रैगवां में नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर और चिकित्सा कर्मियों की नियुक्ति का मुद्दा भी उठाया गया। सैदपुर फीडर की बिजली व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताई गई। नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई।
मुख्य मार्गों से गांवों को जोड़ने वाली संपर्क सड़कों की खराब स्थिति का मुद्दा भी ज्ञापन में शामिल रहा। ग्रामीणों ने कहा कि जर्जर सड़कों से आवागमन मुश्किल हो गया है और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
ज्ञापन सौंपने के बाद एसडीएम डॉ. पुष्कर मिश्रा ने प्रतिनिधिमंडल को समस्याओं के जल्द निराकरण का आश्वासन दिया। इस दौरान अभिमन्यु राजभर, राकेश तिवारी, राकेश यादव, सुनील ठाकुर, पवन पांडेय, विनय तुरा आदि मौजूद रहे।