कस्बा के चंपा सती मुहल्ले के लोगों ने बिजली के लिए शुक्रवार को बैरिया-रानीगंज मार्ग पर करीब तीन घंटे तक चक्काजाम कर दिया। इस दौरान वे विद्युत कर्मचारियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने सहित जले ट्रांसफार्मर को अविलंब बदलने की मांग कर रहे थे। इसके अलावा युवकों पर दर्ज फर्जी मुकदमे वापस लेने की मांग कर रहे थे।
इस दौरान एसडीएम अरविंद कुमार एवं अधिशासी अभियंता बृजेश कुमार की ओर से शाम तक ट्रांसफार्मर बदल कर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दिए जाने के आश्वासन पर लोगों ने जाम समाप्त किया। जाम की वजह से राहगीरों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी दिक्कत हुई।
जैसा कि कस्बा के चंपा सती मुहल्ला के दर्जनों युवक गुरुवार को विद्युत उपकेंद्र बैरिया पर पहुंच मुहल्ले में जले ट्रांसफार्मर को बदलने की मांग कर रहे थे। इसीबीच विद्युत कर्मचारियों एवं युवकों में कहासुनी हो गई। नाराज कर्मचारियों ने तत्काल रातभर बिजली आपूर्ति ठप कर दिया। साथ ही चार युवाओं समेत दर्जनों अज्ञात लोगों के विरुद्ध पुलिस ने कर्मचारियों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया। इससे नाराज चंपा सती मुहल्ले के लोगों ने शुक्रवार की सुबह बैरिया-रानीगंज बाजार को करीब तीन घंटे तक चक्काजाम कर दिया।
उन्होंने मांग किया कि जले ट्रांसफार्मर को तत्काल बदला जाय और बिजली आपूर्ति बहाल की जाय। इसके अलावा कस्बा में कोई ट्रांसफार्मर जलता है तो 24 घंटे के अंदर बदला जाय। वहीं विद्युत कर्मचारियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाय। युवाओं पर लगाए फर्जी मुकदमे वापस लिया जाय। अन्यथा की स्थिति में आंदोलन और तेज कर दिया जाएगा। सूचना पर पहुंचे एसडीएम अरविंद कुमार एवं अधिशासी अभियंता बृजेश कुमार ने आश्वासन दिया कि शाम तक ट्रांसफार्मर बदल कर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। जिसके बाद जाम समाप्त हुआ।