बैरिया। थाना क्षेत्र के चिरैया मोड़ पर शुक्रवार को पोल पर चढ़कर लाइन की मरम्मत कर रहा लाइनमैन संतोष कुमार यादव करंट लगने से झुलस कर गिर गया। स्थानीय लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा में भर्ती कराया।
घायल लाइनमैन संतोष कुमार यादव निवासी बैरिया पड़ती ने अस्पताल में बताया कि शुक्रवार की सुबह आंधी और पानी के कारण क्षेत्र में बिजली के खंभों के जंपर टूट गए थे। आपूर्ति बहाल करने के लिए उसने बकायदा उपकेंद्र से शटडाउन लिया और चिरैया मोड़ के पास स्थित हाईटेंशन खंभे पर चढ़कर जंपर बांधने लगा। संतोष के अनुसार, जब वह खंभे पर काम कर रहा था, तभी आपूर्ति शुरू हो गई। इसके वह करंट लगने से झुलसकर गिर गया।
संतोष ने बताया कि सौभाग्य था कि करंट लगते ही तुरंत ट्रॉली ट्रिप कर गई और लाइन कट गई, जिससे मेरी जान बच गई। करंट के झटके और खंभे से नीचे गिरने के कारण संतोष के हाथ और पैर झुलस गए हैं और गिरने से शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे की जानकारी मिलते ही बिजली निगम के एसडीओ हंसराज यादव घायल लाइनमैन का हालचाल जानने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पहुंचे।
उन्होंने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि जब लाइनमैन ने विधिवत शटडाउन लिया था तो उसके बाद लाइन कैसे चालू कर दी गई। इस पूरे मामले की गहन जांच कराई जाएगी। जो भी कर्मचारी या अधिकारी इस घोर लापरवाही में दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।