बलिया। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक शनिवार को अध्यापक भवन में आयोजित की गई। जिसमें निर्णय लिया गया कि जनपद के शिक्षक डीबीटी डाटा भरने का पूर्ण विरोध करेंगे तथा कोई प्रधानाध्यापक/ प्रभारी प्रधानाध्यापक डाटा मोबाइल और कंप्यूटर में नहीं भरेगा।
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि जनपद में लगातार जांच के नाम पर शिक्षकों का वेतन रोके जाने का संघ विरोध करता है। बिना विद्यालय गए और खुले विद्यालय को भी बंद दिखाकर शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों का वेतन रोककर धन वसूली की खुली छूट नहीं दी जाएगी। बैठक में निर्णय लिया कि 355 शिक्षकों का गत माह जारी वेतन इस माह नहीं रोकने दिया जाएगा। साथ ही अभी 201 शिक्षकों का जो वेतन रोका गया है उसे बिना स्पष्टीकरण रोका जाएगा तो प्राथमिक शिक्षक संघ बीएसए का घेराव करेगा। किसी भी शिक्षक का यदि वेतन सितंबर माह का रूका तो प्राथमिक शिक्षक संघ उसका पूर्ण विरोध करेगा और मनमानी नहीं चलने दी जाएगी। पोर्टल पर अनुपस्थित दिखाकर वेतन रोके जाने का प्राथमिक शिक्षक संघ पूर्ण विरोध करेगा। बिना पक्ष जाने वेतन नहीं रोकने दिया जाएगा। इस दौरान सदस्यता अभियान जोर-शोर से चलाने का निर्णय लिया गया। बैठक में जितेंद्र प्रताप सिंह, संजय दूबे, वीरेंद्र प्रताप यादव, ओमप्रकाश, सुनील सिंह, प्रवीण दूबे, अशोक यादव, अजीत पांडेय, तेजप्रताप सिंह, अजय सिंह, शक्ति कुमार मिश्रा, संतोष तिवारी, सुशील कुमार, विद्या सागर दूूबे, शशि ओझा, सतीशचंद्र वर्मा, अनिल पांडेय, टुनटुन प्रसाद, तुषार कांत राय, जयशंकर, विनोद आदि मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता जितेंद्र सिंह तथा संचालन राजेश पांडेय व अजय मिश्र ने संयुक्त रूप से किया।