नगर के टाउन हाल रोड में अतिक्रमण हटाता नगरपालिका का बुलडोजर।संवाद
बलिया। शहर में अगस्त माह में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का तीसरी बार शनिवार को बुलडोजर चला। टाउन हाल मार्ग से लेकर कासिम बाजार तक अस्थायाी अतिक्रमण हटाया गया। सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में दोपहर बाद नगर पालिका परिषद की अतिक्रमण हटाने वाली टीम निकल पड़ी। टीम को देखते हुए ही दुकानदार अपने आप बोर्ड समेत सामान हटाने लगे।
प्रशासन ने नालियों के ऊपर हुए अतिक्रमण को हटाया। साथ ही साइन बोर्ड व अन्य सामान को उठा लिया। लगभग दस स्थानों पर लोग चौड़ी सीढ़ी सड़क तक बना लिए थे। जिसे बुलडोजर से तोड़कर हटाया गया। कासिम बाजार मार्ग पर चले बुलडोजर से पटरी दुकान भाग खड़े हुए। कइयों का सामान बिखर भी गया। सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा ने बताया कि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार चलता रहेगा। इसके लिए टीम का गठन किया गया है। चेताया कि दोबारा अतिक्रमण होने पर जुर्माना वसूलने के साथ ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।