बैरिया। राजकीय संयुक्त चिकित्सालय सोनबरसा स्थित 100 शय्या अस्पताल का शनिवार को आजमगढ़ के एडी डॉक्टर बालचंद्र ने निरीक्षण किया। इस दौरान सीएमओ संजीव बर्मन व डीपीएम राजशेखर मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान एडी को कई खामियां मिलीं। निर्माण इकाई निर्माण निगम द्वारा बी ब्लॉक का निर्माण पूरा नहीं करने पर वे बिफर पड़े। कार्रवाई की चेतावनी दी। नए अस्पताल भवन में अब तक पानी नहीं आ रहा है, बिजली की आपूर्ति भी सप्लाई नहीं है। एडी ने निर्माण इकाई से जल्द से जल्द कार्य पूरा करने के लिए कहा। अस्पताल के लिए जिन चिकित्सकों की तैनाती की गई है। उसमें से कई चिकित्सक अन्य अस्पतालों से अटैच हैं या तो अपना स्थानांतरण करवा चुके हैं।
बिना पैरामेडिकल स्टॉफ के किस तरह से अस्पताल का संचालन किया जाए इसको लेकर काफी देर तक सीएमओ संजीव वर्मा के साथ एडी ने विचार विमर्श किया। डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने पिछले दिनों डीएचएस की बैठक में सोनबरसा अस्पताल के निर्माण कार्य पर फर्म के अधिकारी को फटकार लगाकर जल्द हैंडओवर का निर्देश दिया था।
एडी ने सीएचसी सोनबरसा अस्पताल का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई खामियों को एडी ने नजदीक से देखा। जिस पर नाराजगी जताते हुए सीएमओ को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। उक्त मौके पर सीएससी के अधीक्षक डॉक्टर राजेश कुमार सहित अन्य चिकित्सक व कर्मचारी मौजूद रहे।