बलिया। साइबर पुलिस ने छह माह में दो बैंक खातों में पांच करोड़ रुपये का लेनदेन पकड़ा है। मामला ऑनलाइन सट्टेबाजी व गेम से जुड़ा हुआ है।
साइबर पुलिस ने बिहार के बक्सर और बलिया के 50 से अधिक बैंक खातों को भी चिह्नित किया है, जिनसे धनराशि की जमा-निकासी हुई है। इन खातों का महादेव बेटिंग, एविएटर, यूजर्स पोकर, चांस गेम्स और कार्ड गेम्स व क्रिकेट सहित अन्य सट्टेबाजी में प्रयोग किए जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
मामला तब खुला जब रामपुर महावल निवासी बृजेश यादव ने बुधवार को अपने होने वाले बहनोई बृजेश यादव उर्फ जसवंत के खिलाफ बक्सर स्थित बैंक खाते से 2.50 करोड़ रुपये धोखाधड़ी कर ट्रांजेक्शन का आरोप लगाया था। इसके बाद जांच में जुटी साइबर पुलिस को बेटिंग एप के तहत खातों से ट्रांजेक्शन करने के सुराग मिले। पुलिस ने आरोपी बृजेश यादव को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, बृजेश यादव एजेंट के रूप में काम करता है।
उसे एक बैंक खाता खुलवाने के बदले में 20 हजार रुपये मिलते थे। इसमें से पांच हजार रुपये वह खाताधारक को देता था। बृजेश से मिली अहम जानकारी के आधार पर पुलिस तीन आरोपियों की तलाश कर रही है।
घर बैठे पैसे कमाने का लालच देकर फंसाया: शहर के रामपुर महावल निवासी बृजेश यादव की बहन की शादी बृजेश यादव उर्फ जसवंत से तय हुई थी। सगाई के बाद होने वाले साले बृजेश व सहतवार निवासी राजू कुमार को घर बैठे पैसा कमाने का लालच देकर दोनों के बक्सर स्थित आईसीआईसीआई बैंक की शाखा में 2023 में खाते खुलवाए गए थे। मई 2023 से अक्तूबर 2023 तक छह महीने में दोनों खातों में कई बार में पांच करोड़ रुपये का लेनदेन किया गया।