बलिया। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कर-करेतर एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने कम वसूली होने पर मंडी सचिव रसड़ा और बेल्थरारोड के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए विभाग को पत्र लिखने का निर्देश दिया। साथ ही बैठक में बिना सूचना दिए अनुपस्थित रहे डिप्टी आरएमओ व एक एसडीएम का वेतन काटने का भी आदेश दिया।
बैठक में डीएम ने आबकारी, राजस्व विभागों के राजस्व वसूली की लक्ष्य एवं पूर्ति, प्रवर्तन कार्य, मुख्य देयों की वसूली एवं विविध देयों की वसूली, जनपद के 10 बड़े बकायेदारों से वसूली, विविध देयों की वसूली तथा अमीनों द्वारा की गई वसूली आदि की समीक्षा की। वसूली कम मिलने पर प्रगति लाने के निर्देश दिए। इसके अलावा आईजीआरएस पर प्राप्त होने वाली शिकायतों की गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण का निर्देश दिया। उन्होंने सीएम डैश बोर्ड में खराब रैंकिंग पाने वाले विभागों के प्रति नाराज़गी प्रकट की। संबंधित अधिकारियों को सुधार लाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को प्रतिदिन कम से कम 50 राजस्व वादों की सुनवाई करने और उसके निपटारे के भी निर्देश दिए। बैठक में सीएमओ, एसडीएम सदर आत्रेय मिश्र, मुख्य राजस्व अधिकारी त्रिभुवन सिंह, जिला विकास अधिकारी आनंद प्रकाश एवं जिला अर्थ व सांख्य अधिकारी राजेश कुमार सिंह एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।