बलिया। थाने में कार्यरत पुलिसकर्मियों के विरुद्ध गलत आचरण की शिकायत के मामलों की जांच कर संबंधित अधिकारी और पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की जाए। महिलाओं से अपराध के मामलों में तत्काल कार्रवाई की जाए। अपराधियों पर कार्रवाई हो ताकि उनमें पुलिस का भय हो। ये निर्देश जिले के नोडल अधिकारी एडीजी सुनील गुप्ता ने शनिवार को पुलिस लाइन के आदेश कक्ष में अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक को दिए। बैठक में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए थानों पर अधिकारियों व कर्मचारियों की नियुक्ति के साथ ही अन्य बिंदुओं पर जानकारी हासिल की।
अपराध समीक्षा बैठक के बाद एडीजी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि शासन और डीजीपी की मंशा है कि जनपद सहित प्रदेश में सौहार्दपूर्ण वातावरण बने और अपराधियों के अंदर पुलिस प्रशासन का भय बने। ताकि आमजन सुख शांति की जिंदगी व्यतीत कर सकें। बताया कि प्रत्येक थानों पर शासन के मंशा के अनुरूप थानाध्यक्ष तैनात करने है। इसके अलावा थाने पर जो भी अधिकारी व कर्मचारी भ्रष्ट मिले या जिसके विरुद्ध गलत आचरण की शिकायत हो। उसके विरुद्घ जांचकर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई करने के लिए एसपी को निर्देश दिया। इसके साथ ही जिले में सक्रिय अपराधियों की सूची बनाकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। कहा कि जनपदीय में अपराधियों, पशु एवं शराब तस्करों के विरुद्घ गैंगेस्टर की कार्रवाई संतोषजनक पाया गया। बताया कि महिलाओं के मामले में तत्काल कार्रवाई करें। वही कोविड-19 में जो कंटेंमेंट जोन बनाए हैं वहां लॉकडाउन उल्लंघन करने वालों के विरुद्घ जुर्माना करें और वाहन को सीज करें।
कहा कि कुछ जगह भ्रमण के दौरान मास्क न लगाने की लापरवाही देखी गई। जिसे जागरूक कर मास्क लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। रात में कर्फ्यू के दौरान व्यवस्था ठीक मिली लेकिन शनिवार की रात भी भ्रमण किया जाएगा ताकि पता चले कि कर्फ्यू की पालन हो रहा है कि नहीं। इसके बाद पुलिस लाइन का भ्रमण किया। तत्पश्चात फेफना थाने का निरीक्षण किया। जहां अभिलेखों का अवलोकन किया, जहां सब कुछ ठीक ठाक मिला। इस मौके पर एसपी देवेंद्र नाथ, एएसपी संजय कुमार, सीओ सिटी एके सिंह, सीओ सदर चंद्रकेश सिंह, सीओ बैरिया अशोक सिंह, सीओ बांसडीह दीपचंद्र, सीओ सिकंदरपर पवन कुमार आदि रहे।